बीकानेर। खाजूवाला विधायक डॉ. विश्वनाथ मेघवाल ने कहा कि निर्विकल्प फाउंडेशन द्वारा बीकाजी के सहयोग से संचालित निःशुल्क करियर काउंसलिंग वैन ग्रामीण क्षेत्र के राजकीय विद्यालयों के विद्यार्थियों के लिए वरदान साबित होगी। विद्यार्थियों तक करियर संबंधी सही जानकारी पहुंचाने की यह अभिनव पहल उन्हें अपने भविष्य के प्रति जागरूक बनाने और सही दिशा चुनने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
डॉ. मेघवाल मंगलवार को राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, सुनारों का मोहल्ला, पूगल में आयोजित निःशुल्क करियर काउंसलिंग वैन कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि जिद, जुनून और हौसलों के साथ किए गए कार्य में सफलता अवश्य मिलती है। विद्यार्थियों को जीवन में स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित कर समय पर उचित करियर मार्गदर्शन प्राप्त करना चाहिए। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में करियर के अनेक विकल्प उपलब्ध हैं, ऐसे में अपनी रुचि, क्षमता और योग्यता को पहचानकर सही दिशा में आगे बढ़ना आवश्यक है।
कार्यक्रम के दौरान निर्विकल्प फाउंडेशन की ओर से विधायक डॉ. विश्वनाथ मेघवाल का शॉल एवं स्मृति चिह्न भेंट कर अभिनंदन किया गया।
कार्यक्रम के प्रारंभ में प्रधानाचार्य हिमांशु दाधीच ने स्वागत उद्बोधन देते हुए करियर काउंसलिंग वैन परियोजना की सराहना की। उन्होंने कहा कि ग्रामीण विद्यार्थियों को उनके विद्यालय तक विशेषज्ञ करियर मार्गदर्शन उपलब्ध करवाना अत्यंत उपयोगी एवं सराहनीय पहल है।
नेशनल करियर काउंसलर डॉ. चंद्रशेखर श्रीमाली ने विद्यार्थियों को विषय चयन, उपयुक्त पाठ्यक्रमों और करियर संभावनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी रुचि, क्षमता और व्यक्तिगत कौशल की पहचान कर उनके विकास पर ध्यान देने का आह्वान किया। उन्होंने करियर काउंसलिंग की आवश्यकता और इसके लाभों पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों के प्रश्नों के उत्तर भी दिए।
करियर काउंसलर लोचन पारीक ने विभिन्न करियर विकल्पों एवं उपलब्ध अवसरों की जानकारी देते हुए कहा कि सही समय पर मिला उचित मार्गदर्शन विद्यार्थियों को बेहतर निर्णय लेने में सहायता करता है।
कार्यक्रम के अंत में डिजिटल क्रिएटर केशव आचार्य ने विद्यार्थियों को विशेष रूप से तैयार की गई ‘करियर मार्गदर्शिका’ पुस्तिका वितरित की। विद्यार्थियों ने पुस्तिका में दी गई जानकारी के प्रति उत्साह दिखाया। कार्यक्रम का संयोजन करते हुए मनन श्रीमाली ने परियोजना के उद्देश्य एवं कार्यप्रणाली की जानकारी दी।
इस दौरान पूगल थाना अधिकारी समरवीर सिंह, सामाजिक कार्यकर्ता सवाई सिंह तंवर, उप-प्राचार्य अजमल राम एवं मांगलदान सहित विद्यालय परिवार उपस्थित रहा। विद्यार्थियों ने करियर काउंसलिंग वैन का अवलोकन कर भविष्य और करियर से जुड़े विभिन्न प्रश्नों के संबंध में मार्गदर्शन प्राप्त किया।



























