

नई दिल्ली/बीकानेर। लोकसभा चुनाव को लेकर भाजपा ने रविवार को अपनी एक और सूची जारी की। जारी सूची में राजस्थान के सात प्रत्याशियों के टिकट घोषित किए गए हैं जिनमें सबसे चौंकाने वाला नाम श्रीगंगानगर सीट से है जहां भाजपा ने अपने पांच बार के सांसद निहालचंद का टिकट काट दिया है और निहालचंद की जगह अनूपगढ़ नगर पालिका की अध्यक्ष प्रियंका बालन को टिकट दिया है। रविवार को जारी सूची में झुंझुनू से शुभकरण चौधरी, जयपुर ग्रामीण से राव राजेंद्र सिंह, जयपुर शहर से मंजू शर्मा, टोंक सवाईमाधोपुर से सुखबीर सिंह जौनपुरिया, अजमेर से भागीरथ सिंह चौधरी और राजसमंद से महिमा विश्वेश्वर सिंह को टिकट दिया गया है।
2013 में चर्चा में आई प्रियंका
दरअसल 2013 के विधानसभा चुनाव में सुराज संकल्प यात्रा के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के संपर्क में आई प्रियंका बालन को उस वक्त भारतीय जनता पार्टी ने अनूपगढ़ से विधानसभा का प्रत्याशी बनाया था लेकिन प्रत्याशी की घोषणा होने के बाद इस बात का मालूम चला कि प्रियंका बालन की उम्र 23 साल है जो कि चुनाव लड़ने की आयु सीमा से 2 साल कम है। इसके बाद पार्टी ने यहां से टिकट बदला और इस बदलाव के बाद लगातार प्रियंका पार्टी संगठन में सक्रिय रही और युवा मोर्चा में भी काम किया। बाद में नगरीय निकाय के चुनाव में जीत हासिल करने के बाद प्रियंका बालन को अनूपगढ़ नगर पालिका का अध्यक्ष चुना गया और अब सीधे देश की सबसे बड़ी पंचायत के चुनाव में पार्टी ने प्रियंका बालन पर भरोसा जताया हैं।