बीकानेर। राजस्थान विधानसभा में पूर्व नेता प्रतिपक्ष रामेश्वर डूडी का शुक्रवार रात को निधन हो गया। लंबे अरसे से बीमार चल रहे डूडी के निधन की सूचना के बाद बीकानेर शहर से लेकर गांव तक शोक की लहर छा गई। राजस्थान की राजनीति में कद्दावर नेताओं में शुमार डूडी हमेशा से ही अंतिम छोर पर बैठे गरीब वंचित शोषित पीड़ित के हक के लिए बात करते थे।
किसान केसरी के रूप में पहचान
सक्रिय राजनीति में नोखा प्रधान पद से शुरुआत करने वाले डूडी बीकानेर के सांसद दो बार जिला प्रमुख, नोखा से विधायक और राजस्थान विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष रहे। राजनीतिक जीवन में हमेशा गरीब को गणेश मानकर काम करने वाले डूडी कहा करते थे कि वंचित शोषित पीड़ित और किसान जब तक सुखी नहीं होगा तब तक शासन और सरकार का मतलब नहीं है। यही कारण रहा की अपने समर्थकों के बीच वे किसान केसरी के नाम से पहचाने जाते थे।
असमय खो दिया जननेता
डूडी के निधन पर केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन मेघवाल देहात भाजपा अध्यक्ष श्याम पंचारिया नोखा के पूर्व विधायक बिहारी विश्नोई, भाजपा नेता सुरेंद्र सिंह शेखावत ने शोक संवेदना प्रकट की। वहीं कांग्रेस के पूर्व मंत्री बीडी कल्ला गोविंद मेघवाल, भंवर सिंह भाटी, केश कला बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष महेंद्र गहलोत, शहर अध्यक्ष यशपाल गहलोत,यूथ कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष अरुण व्यास, कांग्रेस नेता दिलीप बांठिया,मनीष पुरोहित, विक्की चड्ढा, श्रीडूंगरगढ़ से विमल भाटी, हरिराम बाना ने भी शोक जताया है।

























