बीकानेर। दिल्ली में भाजपा और केंद्र की मोदी सरकार के खिलाफ हो रहे प्रदर्शन के समर्थन में बीकानेर के गांधी पार्क में सद्बुद्धियज्ञ का आयोजन किया गया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने लोकतंत्र की रक्षा, चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता और मताधिकार की सुरक्षा का मुद्दा उठाया। कार्यकर्ताओं ने ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ के नारे लगाते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की।
कार्यक्रम में कांग्रेस नेताओं ने चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता और संवैधानिक संस्थाओं की विश्वसनीयता बनाए रखने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता का मत सर्वोपरि है और चुनाव प्रक्रिया को लेकर उठ रहे सवालों का पारदर्शी तरीके से जवाब दिया जाना चाहिए।
प्रदेश प्रवक्ता गजेंद्र सिंह सांखला ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए चुनाव प्रक्रिया का निष्पक्ष और पारदर्शी होना जरूरी है। मतदाता सूची और चुनाव प्रक्रिया को लेकर विपक्ष की ओर से उठाए जा रहे सवालों का उचित जवाब दिया जाना चाहिए, ताकि लोकतांत्रिक व्यवस्था में जनता का विश्वास बना रहे।
महासचिव मनोज चौधरी ने कहा कि लोकतंत्र में जनता के मत का सम्मान और संवैधानिक संस्थाओं की विश्वसनीयता बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने विपक्ष की ओर से लगाए जा रहे वोट चोरी के आरोपों की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग का समर्थन किया।
ब्लॉक अध्यक्ष सुमित कोचर ने कहा कि निष्पक्ष चुनाव और मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा लोकतांत्रिक व्यवस्था की बुनियाद है। चुनाव प्रक्रिया से जुड़े सवालों का समाधान पारदर्शिता और जवाबदेही के माध्यम से किया जाना चाहिए। उन्होंने संविधान, नागरिक अधिकारों और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए जनजागृति को आवश्यक बताया।
बीकानेर शहर जिला कांग्रेस कमेटी के सचिव जयदीप सिंह जावा ने आरोप लगाया कि सरकार तानाशाही रवैया अपना रही है, लेकिन अब जनता जागरूक हो चुकी है।
ये रहे मौजूद
कार्यक्रम में शहर कांग्रेस के पूर्व उपाध्यक्ष अब्दुल मस्जिद खोकर, पार्षद गोवर्धन डूडी, रिजवान खान, पार्षद प्रत्याशी महेंद्र सिंह सोढ़ा, एडवोकेट अंकुर शुक्ला, सामाजिक न्याय प्रकोष्ठ के अध्यक्ष करणी सिंह राजपुरोहित, पार्षद प्रतिनिधि भवानी शंकर गहलोत, पूर्व पार्षद हसन अली गोरी, ब्लॉक कांग्रेस महासचिव रोहित पंडित, पूर्व एसटी अध्यक्ष गोवर्धन लाल मीणा, मंडल अध्यक्ष अब्दुल रहमान लोदरा, मुबारक हुसैन, सुमित जोशी, बलराज नायक, राजेश पुनिया, महबूब रंगरेज, रवि जनागल, दिनेश मीणा, युवा कांग्रेस महासचिव सोनू बारासा, सौहार्द वाल्मीकि, संतोष यादव, शालिना खान, मेघराज तंवर, नरेश नायक, विक्रम चागरा, कार्तिक नायक, मोहम्मद सलीम भाटी, दुर्गादत्त गहलोत, दीनू नायक और मुकेश नायक सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।




























