बीकानेर। नवरात्रि के पावन पर्व पर नगर सेठ लक्ष्मीनाथ जी मंदिर परिसर स्थित रामलीला मैदान में श्रीराम कला मंदिर संस्थान एवं रोटरी क्लब रॉयल्स बीकानेर के तत्वावधान में संगीतमय भव्य रामलीला का आयोजन किया जा रहा है। रामलीला की छठी रात्रि में भगवान गणेश जी की आरती के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। संस्थान के अध्यक्ष गिरिराज जोशी ने बताया कि आज की लीला में सूर्पनखा प्रसंग, स्वर्ण मृग, राम-लक्ष्मण संवाद और सीता हरण के मार्मिक दृश्यों का मंचन किया गया।
लीला में सूर्पनखा द्वारा राजकुमारों को देखकर रूप बदलकर सुंदरी के रूप में आने, सीता माता द्वारा स्वर्ण मृग को देखकर भगवान राम से उसे लाने का आग्रह करने तथा राम के पीछे जाने के बाद लक्ष्मण-सीता संवाद का भावपूर्ण चित्रण किया गया। इसके पश्चात कपटी रावण साधु का वेश धारण कर भिक्षा मांगने पहुंचा और माता सीता का हरण कर लिया। कलाकारों ने अपने सजीव अभिनय और संगीतमय प्रस्तुति से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि समाजसेवी एवं गौभक्त देवकिशन चांडक, श्रीभगवान अग्रवाल, हनुमान अग्रवाल, डॉ. राहुल व्यास, राजा सांखी, संजू स्वामी, सहायक अभियंता स्वाति चौधरी, पार्षद दीपक व्यास एवं प्रकाश व्यास सहित गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
संस्थान के उपाध्यक्ष मख्खन जोशी ने बताया कि राम की भूमिका में गिरिराज जोशी, रावण की भूमिका में कैलाश भादाणी, लक्ष्मण की भूमिका में जितेश पुरोहित, सीता की भूमिका में प्रशांत आचार्य, सुंदरी सूर्पनखा की भूमिका में सौरभ शर्मा तथा मृग की भूमिका में गोपाल व्यास सहित अन्य कलाकारों ने विभिन्न पात्रों का प्रभावशाली मंचन किया। रामलीला के दौरान दर्शकों ने कलाकारों के अभिनय की सराहना की।



























