बीकानेर। शास्त्री नगर से सुदर्शना नगर तक फैले खुले नाले की गंभीर जन-समस्या और ऐतिहासिक नागणेचीजी मंदिर के पास इसके कारण उत्पन्न हो रहे खतरों के स्थायी समाधान के लिए ‘नाला समस्या समाधान संयुक्त संघर्ष समिति’ का एक प्रतिनिधिमंडल जिला कलेक्टर से मिला। इस दौरान प्रबुद्ध नागरिक और संघर्ष समिति की सक्रिय सदस्य उमा कराल ने क्षेत्रवासियों की ओर से अपनी बात मजबूती से रखते हुए कलेक्टर महोदय को एक आधिकारिक ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन सौंपने के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए उमा कराल ने कहा कि शास्त्री नगर और सुदर्शना नगर के हजारों निवासी पिछले कई वर्षों से इस खुले नाले के कारण नर्क जैसी जिंदगी जीने को मजबूर हैं। नाले से निकलने वाली जहरीली गैसों से न सिर्फ लोगों का स्वास्थ्य बिगड़ रहा है, बल्कि घरों के कीमती इलेक्ट्रॉनिक उपकरण भी खराब हो रहे हैं। इलाके में चौबीसों घंटे रहने वाली भारी दुर्गंध, भयंकर प्रदूषण और मच्छरों के प्रकोप के कारण बच्चों, बुजुर्गों और मवेशियों की सुरक्षा पर हर वक्त खतरा मंडराता रहता है।
उमा कराल ने विशेष रूप से ध्यान आकर्षित करते हुए कहा कि ऐतिहासिक और जन-आस्था के बड़े केंद्र नागणेचीजी मंदिर के ठीक पास से गुजर रहे इस खुले नाले के कारण यहां आने वाले देश-विदेश के श्रद्धालुओं और स्थानीय निवासियों को भारी असुविधा व मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने प्रशासनिक ढिलाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए सरकार द्वारा ₹59 करोड़ का भारी-भरकम बजट स्वीकृत किया जा चुका है। इसके बावजूद जमीनी स्तर पर अभी तक कोई ठोस काम शुरू नहीं हो सका है, जिससे जनता में भारी आक्रोश है। यदि समय रहते काम शुरू नहीं हुआ तो इस स्वीकृत बजट की समय-सीमा भी समाप्त हो जाएगी।
संघर्ष समिति की ओर से उमा कराल ने जिला कलेक्टर से मांग की है कि स्वीकृत ₹59 करोड़ के बजट के अंतर्गत तुरंत एक समयबद्ध कार्य योजना (Action Plan) तैयार की जाए। इसके तहत सबसे पहले नागणेचीजी मंदिर के आसपास के नाले को प्राथमिकता के आधार पर ढकने (कवर करने) का काम तत्काल शुरू करवाया जाए।
उन्होंने प्रशासन को दो टूक शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा, “अब क्षेत्र की जनता को कागजी कार्रवाई या कोरे आश्वासन नहीं चाहिए, बल्कि हमें इस नाला समस्या का धरातल पर स्थायी और अंतिम समाधान चाहिए। जब तक हमारी यह वाजिब मांग पूरी नहीं होती, हमारा संघर्ष जारी रहेगा।”
इस अवसर पर मुख्य संयोजक नरेन्द्र शर्मा, मनोज तनवानि बीडी शर्मा सोमेश शर्मा नवीन जांगिड़ राकेश शर्मा राजकुमार जैन समिति के पदाधिकारी उपस्थित रहे।




























