बीकानेर। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 की थीम “योगा फॉर हेल्दी एजिंग” को साकार करते हुए शुक्रवार को महर्षि पतंजलि योग संस्थान की ओर से जवाहर पार्क में सामूहिक योगाभ्यास का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बच्चों, युवाओं, महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए योग के माध्यम से स्वस्थ एवं संतुलित जीवन का संदेश दिया।
योग सत्र का नेतृत्व योग गुरु दीपक शर्मा ने किया। उन्होंने कहा कि बढ़ती उम्र में शरीर और मन को स्वस्थ, सक्रिय और संतुलित बनाए रखने के लिए योग सबसे सरल, सुरक्षित और प्रभावी माध्यम है। नियमित योगाभ्यास से व्यक्ति न केवल शारीरिक रूप से स्वस्थ रहता है, बल्कि मानसिक रूप से भी सशक्त बनता है।
संत मौनी नाथ बाबा की प्रतिमा के समक्ष आयोजित योग सत्र में प्रतिभागियों ने विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास किया। पूरे पार्क में अनुशासन, सकारात्मक ऊर्जा और योगमय वातावरण का अद्भुत दृश्य देखने को मिला। बच्चों और वरिष्ठ नागरिकों की सक्रिय भागीदारी कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रही।
योगाचार्य नंदलाल शर्मा ने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवन जीने की वैज्ञानिक पद्धति है। वरिष्ठ योग गुरु कन्हैयालाल सुथार ने कहा कि योग शरीर, मन और विचारों में संतुलन स्थापित करता है। यदि बचपन से ही योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाया जाए तो व्यक्ति जीवनभर स्वस्थ, ऊर्जावान और प्रसन्न रह सकता है।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने नियमित योगाभ्यास करने, नशामुक्त एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा योग के संदेश को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने का संकल्प लिया। जवाहर पार्क में आयोजित यह सामूहिक योगाभ्यास आगामी अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के प्रति जन-जागरूकता का प्रेरक उदाहरण बना।
इस अवसर पर प्रहलाद सिंह चौधरी, घनश्यामदास किराडू, कन्हैयालाल सुथार, नंदलाल शर्मा, किशन व्यास, मोहित राजपुरोहित, मोहित स्वामी, दिव्यांशु पुरोहित, रामेश्वर गोदारा, भंवर लाल सुथार, हरिशंकर पारीक, सुरेन्द्र जाँभड़, सुखाराम चौधरी, गणेश सुथार, कानाराम चौधरी, राजकुमारी शर्मा, सुशीला भाटी, सुशील सुथार सहित बड़ी संख्या में योग साधक उपस्थित रहे।




























