बीकानेर। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 की पूर्व तैयारियों के तहत वेटेनरी कॉलेज ग्राउंड में योग गुरु दीपक शर्मा के नेतृत्व में योग साधकों ने योग की विभिन्न मुद्राओं और रचनात्मक समूह प्रस्तुतियों का भव्य प्रदर्शन किया। इस दौरान साधकों ने आकर्षक मानव योग आकृतियां बनाकर एकता, संतुलन और सामूहिक चेतना का प्रेरक संदेश दिया।
योग गुरु दीपक शर्मा के मार्गदर्शन में साधकों ने मानव श्रृंखला, बहु-भुजा योग संरचनाएं तथा अन्य रचनात्मक समूह योग प्रस्तुतियां दीं, जिन्हें देखकर उपस्थित लोग मंत्रमुग्ध हो गए। इन अनूठी आकृतियों के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि योग केवल शरीर को स्वस्थ रखने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज में सहयोग, अनुशासन, समर्पण और सकारात्मक ऊर्जा का भी आधार है।
योग गुरु दीपक शर्मा ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस केवल एक वार्षिक आयोजन नहीं, बल्कि स्वस्थ, संतुलित और अनुशासित जीवन जीने का संकल्प है। उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास से व्यक्ति तनाव, चिंता और असंतुलित जीवनशैली से मुक्त होकर शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक रूप से सशक्त बनता है। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाएं तथा 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर अधिक से अधिक संख्या में सहभागी बनकर स्वास्थ्य और जागरूकता का संदेश जन-जन तक पहुंचाएं।
इस अवसर पर योग शिक्षक मोहित स्वामी, मोहित राजपुरोहित, वंशिता, महिमा स्वामी, जनक विश्नोई, अमित राजपुरोहित, दिव्यांशु पुरोहित एवं किशन व्यास ने कार्यक्रम के सफल आयोजन में सक्रिय भूमिका निभाई।




























