बीकानेर। गर्मी के बढ़ते प्रकोप के बीच शहरवासियों को शुद्ध एवं शीतल पेयजल उपलब्ध कराने की दिशा में एक सराहनीय पहल की जा रही है। शहर के मध्य कोटगेट के समीप स्थित पीएम श्री राजकीय सादुल उच्च माध्यमिक विद्यालय परिसर में तपसी छोटी परिवार द्वारा निर्मित “तपसी छोटी जल मंदिर” का शुभारंभ बुधवार 13 मई को प्रातः 9:15 बजे किया जाएगा।
तपसी छोटी परिवार की ओर से निर्मित यह आधुनिक जल मंदिर आमजन की सुविधा को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। जल मंदिर में शुद्ध, स्वच्छ और ठंडे पेयजल की व्यवस्था की गई है, जिससे विद्यालय आने वाले विद्यार्थियों, अभिभावकों, राहगीरों तथा आसपास के लोगों को गर्मी के मौसम में बड़ी राहत मिलेगी।
परिवार के प्रमुख बृज गोपाल जोशी ने बताया कि वर्तमान समय में भीषण गर्मी के कारण आमजन को पेयजल संबंधी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। इसी भावना को ध्यान में रखते हुए समाजसेवा और जनहित के उद्देश्य से इस जल मंदिर का निर्माण करवाया गया है। उन्होंने बताया कि इस सुविधा के माध्यम से एक साथ सैकड़ों लोग ठंडा पानी ग्रहण कर सकेंगे।
उन्होंने कहा कि जल सेवा भारतीय संस्कृति में सबसे बड़ा पुण्य कार्य माना गया है और गर्मी के मौसम में प्यासे लोगों को शीतल जल उपलब्ध करवाना मानव सेवा का श्रेष्ठ उदाहरण है। तपसी छोटी परिवार लंबे समय से सामाजिक और जनहित के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाता रहा है तथा इसी कड़ी में यह जल मंदिर आमजन को समर्पित किया जा रहा है।
ये रहेंगे कार्यक्रम में मुख्य अतिथि
समारोह के मुख्य अतिथि जेठानंद व्यास होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता महंत विमर्शानंद गिरी महाराज करेंगे, जबकि जुगल किशोर ओझा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। समारोह में शहर के गणमान्य नागरिक, शिक्षाविद, समाजसेवी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहेंगे।
शहरवासियों से की सहभागिता की अपील
तपसी छोटी परिवार ने बीकानेर शहरवासियों से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस जनहितकारी एवं पुण्य कार्य में सहभागिता निभाने की अपील की है। परिवार का कहना है कि समाज के सहयोग और सहभागिता से ही ऐसे सेवा कार्य सफल होते हैं और जरूरतमंद लोगों तक राहत पहुंचाई जा सकती है।



























