बीकानेर। बीकानेर पश्चिम विधायक जेठानंद व्यास ने रविवार को जिला अस्पताल में डीएमएफटी मद से 1.50 करोड़ रुपए की लागत से होने वाले विभिन्न निर्माण कार्यों का शिलान्यास किया। इन कार्यों के तहत स्त्री एवं प्रसूति ओपीडी, लेबर रूम, प्री-डिलीवरी रूम, पोस्ट-डिलीवरी रूम और चार कॉटेज का निर्माण करवाया जाएगा। इन सुविधाओं के विकसित होने से गर्भवती महिलाओं और प्रसूताओं को बेहतर चिकित्सा सेवाएं मिल सकेंगी।
इस अवसर पर विधायक जेठानंद व्यास ने कहा कि पिछले करीब तीन वर्षों में जिला अस्पताल की चिकित्सा सुविधाओं में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। शहरी क्षेत्र के मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से अस्पताल के आधारभूत ढांचे का लगातार विस्तार किया जा रहा है। डीएमएफटी मद से होने वाले नए निर्माण कार्य भी मरीजों की सुविधाओं को बढ़ाने में महत्वपूर्ण साबित होंगे।
10 करोड़ रुपए से हो रहा अस्पताल का उन्नयन
विधायक ने बताया कि बजट घोषणा के तहत जिला अस्पताल में करीब 10 करोड़ रुपए की लागत से उन्नयन कार्य करवाए जा रहे हैं। इनमें नए ओपीडी ब्लॉक और मेडिसिन वार्ड का निर्माण शामिल है। इसके अलावा एक करोड़ रुपए की लागत से ड्रग स्टोर निर्माण की टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और जल्द ही काम शुरू किया जाएगा। वहीं, 3.50 करोड़ रुपए की लागत से नवीन शिशु रोग वार्ड एवं आईसीयू का निर्माण भी करवाया जा रहा है।
भामाशाहों के सहयोग से भी बढ़ रहीं सुविधाएं
जिला अस्पताल में सरकारी योजनाओं के साथ भामाशाहों के सहयोग से भी विकास कार्य किए जा रहे हैं। मदन मोहन ट्रस्ट के सहयोग से अस्पताल में हेरिटेज शैली में नया प्रवेश द्वार, स्वागत कक्ष, प्रतीक्षालय हॉल और रजिस्ट्रेशन एरिया विकसित किया जा रहा है। अस्पताल में नई सोनोग्राफी मशीन, एक्स-रे सुविधा और जनरेटर की व्यवस्था भी की गई है।
मरीजों की संख्या में 30 प्रतिशत की वृद्धि
जिला अस्पताल अधीक्षक डॉ. सुनील हर्ष ने बताया कि चिकित्सा सुविधाओं में विस्तार के चलते पिछले ढाई वर्षों में अस्पताल के आउटडोर और इनडोर मरीजों की संख्या में करीब 30 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। प्रसव की संख्या भी बढ़ी है। अब अस्पताल में पहले की तुलना में कई गुना अधिक जटिल ऑपरेशन किए जा रहे हैं। मरीजों की बढ़ती संख्या और उपचार की आवश्यकताओं को देखते हुए अस्पताल में सुविधाओं का लगातार विस्तार किया जा रहा है।
शिलान्यास के बाद विधायक व्यास ने अस्पताल परिसर में चल रहे विभिन्न निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित समयावधि में और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरे करने के निर्देश दिए।
कार्यक्रम में पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता कमल खत्री, जेपी व्यास, किशन चौधरी, सुषमा बिस्सा, पूर्व पार्षद राजा सेवग, आशा आचार्य, दिनेश चौहान, विशाल गोलछा, प्रेम गहलोत, पार्षद अन्नपूर्णा व्यास, निशा अनादी पारीक, दीपक व्यास, जसोदा ओझा, नरेंद्र पारीक, राजकुमार जीनगर, सुशील आचार्य, अर्जुन कुमावत, लालचंद कुमावत, किशोर आचार्य और जितेंद्र व्यास सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।



























