बीकानेर। महिला सम्मान, सुरक्षा एवं न्याय के मुद्दे को लेकर भाजपा महिला मोर्चा बीकानेर द्वारा प्रदेश अध्यक्ष राखी जी राठौड़ के निर्देशन एवं जिला अध्यक्ष सुमन छाजेड़ के आह्वान पर “नारी शक्ति हुंकार आंदोलन” के तहत सोमवार को कोट गेट पर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया। आंदोलन का नेतृत्व जिला प्रभारी सुमन जैन ने किया।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस सांसद एवं जेएनयू के प्रोफेसर डॉ. अंगोमचा बिमोल अकॉइजाम से जुड़ी छात्राओं की यौन उत्पीड़न शिकायतों के विरोध में पुतला दहन कर आक्रोश व्यक्त किया गया तथा कांग्रेस नेतृत्व से अपना रुख स्पष्ट करने की मांग की गई।
जिला प्रभारी सुमन जैन ने कांग्रेस एवं राहुल गांधी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि राहुल गांधी सार्वजनिक मंचों से महिला सम्मान और “Smash the Patriarchy” जैसे नारों की बात करते हैं, लेकिन जब उनकी ही पार्टी के एक सांसद एवं जेएनयू के प्रोफेसर पर छात्राओं के यौन उत्पीड़न के गंभीर आरोप सामने आए हैं, तब कांग्रेस नेतृत्व की चुप्पी कई सवाल खड़े करती है।
उन्होंने कहा, “क्या महिला सम्मान और नारी सुरक्षा केवल राजनीतिक भाषणों और नारों तक सीमित है? जब अपनी पार्टी के सांसद पर गंभीर आरोप लगते हैं, तब राहुल गांधी और कांग्रेस नेतृत्व की आवाज क्यों बंद हो जाती है? राहुल गांधी को देश की महिलाओं और उन छात्राओं के साथ खड़े होकर अपना स्पष्ट रुख सामने रखना चाहिए।”
सुमन जैन ने कहा कि ऐसे गंभीर आरोपों के मामले में कांग्रेस नेतृत्व को अपनी स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए और नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए उचित कार्रवाई की मांग करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा महिला मोर्चा महिलाओं एवं छात्राओं के सम्मान, सुरक्षा और न्याय के लिए हर स्तर पर संघर्ष करता रहेगा।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि “नारी शक्ति अब चुप नहीं बैठेगी और महिला सम्मान के मुद्दे पर दोहरे मापदंड किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किए जाएंगे।”
विरोध प्रदर्शन में सरिता नाहटा, कविता शर्मा, सुषमा बिस्सा, अन्नू सुथार, इंदू वर्मा, सरिता आंचलिया, संतोष शर्मा, उमा शर्मा,मंजूलता रावत, विजयलक्ष्मी राजपुरोहित,मंजूषा भास्कर, भानू आनंद, असमा नाज़, प्राची जैन, कृष्णा माहेश्वरी, शोभा सारस्वत, शबनम बानो सहित भाजपा महिला मोर्चा की अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहीं।



























