बीकानेर। नवरात्रि के पावन पर्व पर नगर सेठ लक्ष्मीनाथ जी मंदिर परिसर स्थित रामलीला मैदान में श्रीराम कला मंदिर संस्थान एवं रोटरी क्लब रॉयल्स बीकानेर के संयुक्त तत्वावधान में भव्य रामलीला का आयोजन किया जा रहा है। रामलीला की सातवीं रात्रि में हनुमान प्रकट, भीलनी प्रसंग, राम-हनुमान मिलन तथा बाली-सुग्रीव युद्ध के दृश्यों का भावपूर्ण मंचन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान गणेश जी के विधि-विधान से पूजन के साथ हुआ।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि प्रदेश प्रवक्ता एवं पार्षद महापौर प्रत्याशी सुरेंद्र शेखावत, चंद्रकला भादाणी, प्रधानाचार्या शर्मिला स्वामी, तपस्या पालीवाल एवं किशन ओझा उपस्थित रहे। कलाकारों ने अपने सजीव अभिनय से दर्शकों को रामायण के प्रसंगों से भावविभोर कर दिया। भीलनी के ‘मैं तो कर रही रास्ता साफ, आज मेरे राम पधारेंगे’ प्रसंग ने श्रद्धा और भक्ति का वातावरण बनाया। वहीं राम-हनुमान मिलन तथा बाली-सुग्रीव युद्ध के मंचन को दर्शकों ने खूब सराहा।
संस्थान के सचिव अभिराम दत्त गौड़ ने बताया कि रामलीला में विभिन्न कलाकारों ने अपने किरदारों को प्रभावशाली ढंग से निभाया। राम की भूमिका में गिरिराज जोशी, लक्ष्मण के रूप में साहिल रंगा, सीता के रूप में प्रशांत आचार्य, हनुमान के रूप में गोपाल पुरोहित, भीलनी के रूप में सौरभ शर्मा, रावण के रूप में कैलाश भादाणी, सुग्रीव के रूप में हर्षवर्धन तथा बाली के रूप में रवि जोशी ने शानदार अभिनय किया।
संस्थान के निर्देशक मखन जोशी ने बताया कि रामलीला के मंचन को देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु देर रात तक उपस्थित रहे। आयोजन में कलाकारों की प्रस्तुतियों ने दर्शकों को भक्ति और रामायण की कथा से जोड़े रखा।




























