श्रीगंगानगर। शिक्षा के क्षेत्र में सकारात्मक और प्रेरणादायक कार्यों के लिए प्रसिद्ध सेठ जी एल बिहानी ट्रस्ट द्वारा आयोजित करिअर काउंसलिंग सेमिनार उत्साह और प्रेरणा से भरपूर रहा। इस अवसर पर देश के ख्यातनाम नेशनल करिअर काउंसलर डॉ. चंद्रशेखर श्रीमाली कीनोट स्पीकर के रूप में उपस्थित रहे।
डॉ. श्रीमाली ने अपनी ओजस्वी और प्रभावशाली शैली से लगभग एक घंटे तक सेमिनार में उपस्थित विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों को बांधे रखा। अपने उद्बोधन में उन्होंने करिअर के विभिन्न आयामों, सही दिशा चयन, और बदलते समय के अनुरूप स्किल्स के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला।
उद्बोधन के पश्चात इंटरएक्टिव सत्र आयोजित किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने अपनी जिज्ञासाओं को प्रश्नों के माध्यम से प्रस्तुत किया। डॉ. श्रीमाली ने सभी प्रश्नों के धैर्यपूर्वक और संतुलित उत्तर देकर उन्हें संतुष्ट किया। वहीं अभिभावकों ने भी अपने विचार और चिंताएं साझा करते हुए उनसे मार्गदर्शन प्राप्त किया।
ट्रस्ट समूह की अकैडमिक डायरेक्टर डॉ. कविता चौधरी ने सेमिनार के आयोजन, उद्देश्य और इसकी रूपरेखा के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों को सही दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
इस अवसर पर ट्रस्टी श्री हिमांशु बिहानी, एडवोकेट दीपक जैन तथा मैनेजमेंट सदस्य श्री घनश्याम दास बिनानी और श्री महेश कुमार माहेश्वरी सहित ट्रस्ट द्वारा संचालित 6 शैक्षणिक संस्थानों के प्रिंसिपल उपस्थित रहे। सभी ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे विद्यार्थियों के भविष्य निर्माण के लिए उपयोगी बताया।
कार्यक्रम के अंत में डॉ. चंद्रशेखर श्रीमाली का ट्रस्ट द्वारा विशेष अभिनन्दन किया गया।
कार्यक्रम का माहौल अत्यंत सकारात्मक, प्रेरणादायक और ज्ञानवर्धक रहा। सेमिनार में सहभागिता और मिला उत्साहवर्धन सभी के लिए एक अद्भुत अनुभव साबित हुआ।




























