बीकानेर। शिक्षा मंत्री मदन दिलावर शनिवार को बीकानेर दौरे पर रहे, जहां उन्होंने संगठनात्मक बैठकों के साथ-साथ पंचायती राज व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर गहन चर्चा की। इस दौरान भाजपा बीकानेर देहात जिलाध्यक्ष श्याम पंचारिया भी उनके साथ मौजूद रहे।
दौरे के दौरान आयोजित बैठक में शिक्षा मंत्री ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों, पंचायत स्तर के पदाधिकारियों और भाजपा कार्यकर्ताओं से सीधे संवाद कर जमीनी स्तर की स्थितियों का फीडबैक लिया। उन्होंने विशेष रूप से ग्राम पंचायतों में विकास कार्यों की प्रगति, योजनाओं के क्रियान्वयन में आ रही बाधाओं और आमजन से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की। मंत्री ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पहुंचे।
बैठक में ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल, शिक्षा, सड़क, स्वास्थ्य सेवाओं सहित बुनियादी सुविधाओं को और बेहतर बनाने पर भी विचार-विमर्श किया गया। साथ ही संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने और जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के लिए समन्वय बढ़ाने पर जोर दिया गया।
इस दौरान शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने बीकाजी समूह के सीएमडी शिवरतन अग्रवाल के निधन पर उनके निवास पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने दिवंगत अग्रवाल के उद्योग और सामाजिक क्षेत्र में योगदान को याद करते हुए कहा कि उनके कार्य हमेशा प्रेरणास्रोत रहेंगे। मंत्री ने शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
जिला मीडिया संयोजक मनीष सोनी ने बताया कि इस मौके पर भाजपा महामंत्री दिलीप राजपुरोहित, प्रदेश प्रवक्ता भवानी पाईवाल, महावीर चारण एवं सुरेन्द्र स्वामी सहित अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




























