बीकानेर। जिला प्रशासन ने नहर बंदी के दौरान सुचारू जल वितरण सुनिश्चित करने के लिए पानी सप्लाई के समय बिजली बंद करने के आदेश दिए है। जलदाय विभाग के सहायक अभियंताओं को अधिकृत किया गया है।
जिला प्रशासन ने बिजली कम्पनी बीकेईएसएल को पत्र लिखकर जल आपूर्ति के दौरान 30 से 45 मिनट बिजली सप्लाई बंद करने को कहा है। जलदाय विभाग के सहायक अभियन्ताओं को अपने-अपने क्षेत्र में जल आपूर्ति के समय बिजली बंद करने के बारे में बिजली कम्पनी को बताना होगा कि कब कहां बिजली बंद करनी है। जिला प्रशासन का मानना है कि बिजली बंद होने से लोग अवैध रूप बूस्टर का उपयोग नहीं कर पाएंगे और सभी उपभोक्ताओं को पूरा पानी मिल सकेगा। उल्लेखनीय है कि नहर बंदी के दौरान जल वितरण के समय कुछ लोग अवैध रूप से बूस्टर का उपयोग करते हैं जिससे आसपास लोगों को पानी नहीं मिल पाता है।



























