बीकानेर। श्री पारीक समाज सार्वजनिक संपत्ति ट्रस्ट, बीकानेर द्वारा डॉ. अग्रवाल आई हॉस्पिटल के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को पारीक ट्रस्ट भवन, पारीक चौक में निशुल्क नेत्र जांच एवं परामर्श शिविर का आयोजन किया गया। शिविर सुबह 9 बजे से दोपहर 2 बजे तक आयोजित हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में समाजबंधुओं एवं स्थानीय लोगों ने भाग लेकर अपनी आंखों की जांच करवाई।
ट्रस्ट अध्यक्ष भंवरलाल व्यास ने बताया कि ट्रस्ट सामाजिक उत्थान के लिए समय-समय पर विभिन्न स्वास्थ्य एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित करता है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में मोबाइल, लैपटॉप, टीवी सहित डिजिटल उपकरणों के बढ़ते उपयोग से आंखों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। ऐसे में नियमित अंतराल पर नेत्र जांच करवाना अत्यंत आवश्यक है, ताकि आंखों से संबंधित समस्याओं का समय रहते पता लगाकर उचित उपचार किया जा सके।
ट्रस्ट सचिव द्वारकादास पारीक ने बताया कि शिविर में कुल 112 लोगों की आंखों की जांच की गई। इनमें 25 लोगों की आंखों में दवा डालकर विस्तृत जांच की गई, जबकि 35 लोगों को आगे की गहन जांच एवं उपचार के लिए डॉ. अग्रवाल आई हॉस्पिटल आने की सलाह दी गई।
शिविर में डॉ. प्रिया व्यास ने नेत्र परीक्षण किया। उनके साथ असिस्टेंट मैनेजर शेखर सिंह, पवित्र शर्मा, किसान सांखला, जोलपिन एवं अंशुमन सहित पूरी टीम ने लोगों की आंखों में आवश्यक दवा डालकर जांच की तथा जरूरतमंद मरीजों को चश्मे के नंबर और चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराया।
ट्रस्ट के उपाध्यक्ष डॉ. शिव प्रसाद जोशी ने बताया कि डॉ. अग्रवाल आई हॉस्पिटल में आधुनिक एवं नवीनतम तकनीक से नेत्र रोगों की जांच और उपचार की सुविधा उपलब्ध है। उन्होंने कहा कि समाज और वार्ड स्तर पर इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविर आयोजित होने से अधिक से अधिक लोगों को विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाओं का लाभ मिलता है।
शिविर के दौरान एडवोकेट सुशील पारीक, गिरधर गोपाल व्यास, कुलदीप पारीक, मालचंद व्यास, योगेश पारीक, ललित पारीक, रेखचंद, विजय व्यास, जुगल पारीक, दयाशंकर तिवारी, श्यामसुंदर जोशी, अनादी पारीक सहित अनेक समाजबंधुओं ने व्यवस्थाओं में सहयोग प्रदान किया। वहीं पारीक समाज महिला समिति की मंजू पारीक ने अपनी पूरी महिला टीम के साथ शिविर में सक्रिय भूमिका निभाते हुए कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।



























