बीकानेर। बीकानेर जिला ओबीसी विभाग (शहर एवं देहात) की संयुक्त बैठक शुक्रवार को बिश्नोई धर्मशाला में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता शहर जिला अध्यक्ष उमा करल एवं देहात अध्यक्ष ओम प्रकाश सैन ने की।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ओबीसी कांग्रेस संभाग अध्यक्ष अमित कड़वासरा एवं संभाग प्रभारी जैसाराम रहे। मुख्य अतिथि अमित कड़वासरा ने कार्यकर्ताओं से गांव-ढाणी स्तर तक पहुंचकर संगठन को मजबूत करने और ओबीसी कांग्रेस की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
बैठक में आगामी ओबीसी संभाग स्तरीय सम्मेलन की रूपरेखा पर विस्तृत चर्चा की गई तथा संगठन को सशक्त बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। देहात अध्यक्ष ओम प्रकाश सैन ने कार्यकर्ताओं से सक्रिय भूमिका निभाने का आग्रह करते हुए ओबीसी वर्ग के अधिकारों की रक्षा और आरक्षण को प्रभावी ढंग से लागू करने पर जोर दिया।
शहर जिला अध्यक्ष उमा करल ने संगठन की गतिविधियों को गति देने और कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियां बढ़ाने की आवश्यकता बताई। इस दौरान शहर एवं देहात के नव-नियुक्त पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह भी आयोजित किया गया, जिसमें सभी ने संगठन के प्रति निष्ठा के साथ कार्य करने का संकल्प लिया।
बैठक में विभिन्न ब्लॉक अध्यक्षों सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। अंत में सभी ने संगठन को मजबूत करने और आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाने का संकल्प लिया।




























