लूणकरणसर। बीकाजी के सहयोग से निर्विकल्प फाउंडेशन द्वारा संचालित करियर काउंसलिंग वैन के माध्यम से अर्जुनसर एवं महाजन के राजकीय विद्यालयों में विद्यार्थियों के लिए करियर मार्गदर्शन सेमिनार आयोजित किए गए। दोनों विद्यालयों में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए विभिन्न करियर विकल्पों, कौशल विकास एवं भविष्य की संभावनाओं से संबंधित जानकारी प्राप्त की।
कार्यक्रम के दौरान स्किल एक्सपर्ट डॉ. अमित व्यास ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि बच्चों को अपनी रुचि, क्षमता और स्किल के आधार पर ही अपने करियर का चयन करना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को बदलते समय के अनुरूप आवश्यक कौशल विकसित करने तथा अपनी क्षमताओं को पहचानकर लक्ष्य निर्धारित करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विद्यार्थियों द्वारा पूछे गए विभिन्न प्रश्नों के उत्तर देते हुए करियर चयन से जुड़ी उनकी जिज्ञासाओं का समाधान भी किया।
डॉ. अमित व्यास ने विद्यार्थियों को समझाया कि सही करियर का चुनाव केवल किसी एक विषय या परंपरागत विकल्प तक सीमित नहीं है, बल्कि आज विभिन्न क्षेत्रों में अनेक अवसर उपलब्ध हैं। आवश्यकता है कि विद्यार्थी अपनी रुचि एवं योग्यता को पहचानकर सही दिशा में निरंतर प्रयास करें।
काउंसलर लोचन पारीक ने दोनों विद्यालयों में करियर काउंसलिंग वैन परियोजना के उद्देश्य एवं कार्यप्रणाली की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि परियोजना के माध्यम से ग्रामीण एवं कस्बाई क्षेत्रों के विद्यार्थियों तक करियर संबंधी उपयोगी एवं व्यावहारिक जानकारी पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि विद्यार्थी समय रहते अपने भविष्य को लेकर बेहतर निर्णय ले सकें।
इस अवसर पर परियोजना से जुड़े केशव आचार्य द्वारा विद्यार्थियों को विशेष रूप से प्रकाशित ‘करियर मार्गदर्शिका’ पुस्तिका का वितरण किया गया। करियर मार्गदर्शिका प्राप्त कर विद्यार्थियों में विशेष उत्साह देखने को मिला।
राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, अर्जुनसर में कार्यवाहक प्रधानाचार्य जय प्रकाश शर्मा ने करियर काउंसलिंग वैन परियोजना की सराहना करते हुए पूरी टीम का साधुवाद किया। विद्यालय के व्याख्याता कृष्णलाल गोदारा, शिवराज चारण, राजूराम प्रजापत, मीनू वर्मा, रूपा रानी, सुभाष, सचिन शर्मा एवं धर्मपाल महेश सहित विद्यालय स्टाफ ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग किया।
वहीं राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, महाजन में आयोजित करियर मार्गदर्शन सेमिनार में भी विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। डॉ. अमित व्यास एवं काउंसलर लोचन पारीक ने विद्यार्थियों के सवालों के जवाब देकर उनके करियर संबंधी भ्रम एवं जिज्ञासाओं का समाधान किया। विद्यालय के प्रधानाचार्य केवल शर्मा ने करियर काउंसलिंग टीम का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से व्याख्याता शैलेंद्र कुमार, व्याख्याता पंकज यादव, व्याख्याता श्रीमती दीक्षा भयावत, रतिराम सारण, वरिष्ठ अध्यापक राजबाला, व्याख्याता मंजू कुमारी, वरिष्ठ अध्यापक बृजेश कुमार एवं वरिष्ठ अध्यापक पूजा शर्मा मौजूद रहीं।
विद्यालय के व्याख्याताओं एवं स्टाफ ने कार्यक्रम के सफल आयोजन में महत्वपूर्ण सहयोग दिया।
दोनों विद्यालयों में विद्यार्थियों के बीच करियर को लेकर उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी क्षमता, रुचि एवं कौशल को पहचानकर भविष्य की सही दिशा चुनने का संदेश दिया गया।




























