बीकानेर। श्री लक्ष्मीनाथ जी मंदिर में दीपावली सहित पांच प्रमुख त्योहार निर्धारित तिथियों पर मनाए जाएंगे। मंदिर के कथावाचक पंडित श्रीकांत व्यास एवं मुख्य पुजारी नरोत्तम महाराज सेवग ने बताया कि मंदिर में धनतेरस 6 नवंबर, रूप चौदस 7 नवंबर, दीपावली 8 नवंबर, गोवर्धन पूजा एवं अन्नकूट 10 नवंबर तथा भाई दूज 11 नवंबर को मनाई जाएगी।
त्योहारों के दौरान मंदिर में आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करवाने के लिए श्री लक्ष्मीनाथ मंदिर विकास एवं पर्यावरण समिति का शिष्टमंडल सचिव सीताराम कच्छावा के नेतृत्व में जिला कलेक्टर निशांत जैन, बीकानेर विकास प्राधिकरण की आयुक्त धायगुडे स्नेह नाना, पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा एवं नगर निगम आयुक्त सिद्धार्थ पलानीचामी से मिला।
शिष्टमंडल ने जिला कलेक्टर एवं बीकानेर विकास प्राधिकरण की आयुक्त से मंदिर में लाइट डेकोरेशन करवाने, मंदिर की दीवारों पर लगी लाइटों तथा पार्क में बंद पड़ी लाइटों को ठीक करवाने और ‘हे नाथ मैं आपको भूलूं नहीं’ बोर्ड की मरम्मत करवाने का आग्रह किया।
समिति ने पुलिस अधीक्षक से धनतेरस से भाई दूज तक मंदिर में पर्याप्त पुलिस व्यवस्था करने की मांग की। शिष्टमंडल ने बताया कि इन त्योहारों पर बीकानेर शहर सहित आसपास के गांवों से हजारों श्रद्धालु परिवार सहित दर्शन करने पहुंचते हैं। पर्याप्त पुलिस व्यवस्था नहीं होने से मंदिर परिसर एवं आसपास जाम की स्थिति बन जाती है, जिससे दर्शनार्थियों को परेशानी होती है। इस पर पुलिस अधीक्षक ने त्योहारों के दौरान पर्याप्त पुलिस व्यवस्था करने का आश्वासन दिया।
वहीं, नगर निगम आयुक्त से मंदिर, पार्क, शौचालय एवं पूरे परिसर में सफाई व्यवस्था सुचारू रखने का आग्रह किया गया।
शिष्टमंडल में समिति सचिव सीताराम कच्छावा, नरेंद्र शर्मा, आजाद पुरोहित, घनश्याम महात्मा एवं हेमंत शर्मा सहित अन्य पदाधिकारी शामिल रहे।



























