बीकानेर। केंद्रीय विधि एवं न्याय मंत्री तथा बीकानेर सांसद अर्जुनराम मेघवाल ने वरिष्ठ अधिवक्ता एवं पूर्व विधायक स्व. आर.के. दास गुप्ता के निधन पर उनके सादुल कॉलोनी स्थित निवास पहुंचकर परिजनों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने दास गुप्ता के निधन पर गहरी शोक संवेदनाएं व्यक्त करते हुए उनके सामाजिक, राजनीतिक और सार्वजनिक जीवन में दिए गए योगदान को याद किया।
अर्जुनराम मेघवाल ने स्व. आर.के. दास गुप्ता को बीकानेर के जनसंघर्षों का स्तंभ बताते हुए कहा कि उन्होंने शहर की जनसमस्याओं और जनसुविधाओं के विकास के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। बीकानेर के विकास और आमजन से जुड़े मुद्दों को लेकर उनके प्रयासों को हमेशा याद किया जाएगा।
गौरतलब है कि स्व. आर.के. दास गुप्ता कोलायत विधानसभा क्षेत्र से विधायक रह चुके थे। इसके साथ ही उन्होंने बार कौंसिल ऑफ राजस्थान के चेयरमैन, बीकानेर बार एसोसिएशन के अध्यक्ष और बार के सभापति जैसे महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन किया। विधि एवं सामाजिक क्षेत्र में उनके योगदान को भी इस दौरान याद किया गया।
मुलाकात के दौरान दास गुप्ता के भतीजे रिटायर्ड मेजर संजय गुप्ता सहित परिवारजनों ने उनके जीवन और सार्वजनिक योगदान से जुड़ी स्मृतियां साझा कीं। बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष विवेक शर्मा, वरिष्ठ अधिवक्ता सतपाल सहू, डॉ. अशोक भाटी और शिवलाल तेजी ने भी उनके व्यक्तित्व एवं कार्यों को याद करते हुए उनकी स्मृतियों को चिरस्थायी बनाए रखने के लिए कार्ययोजना और सुझाव प्रस्तुत किए।
इस अवसर पर खाजूवाला विधायक डॉ. विश्वनाथ मेघवाल, वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ. सत्यप्रकाश आचार्य, सम्पत पारीक, सवाई सिंह तंवर, महेश मूंड, मंडल अध्यक्ष नृसिंह सेवग, प्रकाश मेघवाल, एडवोकेट संदीप स्वामी, प्रेमरतन लुहार, अशोक बोबरवाल, राजेंद्र कुमार नायक, नेमगिरी गोस्वामी और लालकृष्ण पन्नू ने भी स्व. दास गुप्ता को श्रद्धासुमन अर्पित किए।
इस दौरान उपस्थित लोगों ने स्व. आर.के. दास गुप्ता के सार्वजनिक जीवन, सामाजिक सरोकारों और बीकानेर के विकास में उनके योगदान को याद करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने तथा उनकी स्मृतियों को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने की आवश्यकता जताई।



























