बीकानेर। शहर में पहली बार एक ही छत के नीचे पांच अलग-अलग धार्मिक कथाओं का वाचन होगा। सेवन स्टार फाउंडेशन एवं सनातन मित्रमंडल के तत्वावधान में 22 से 31 दिसंबर तक ओझा सत्संग भवन-2 में पंच पावन कथा महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। महोत्सव के दौरान वृंदावन की ब्रज मंडली द्वारा दिव्य रासलीला का मनमोहक मंचन भी किया जाएगा। आयोजन को लेकर बाहेती भवन में पत्रकार वार्ता आयोजित कर पोस्टर का विमोचन किया गया।
पत्रकारों को जानकारी देते हुए सीएम महेंद्र चूरा ने बताया कि आयोजन का शुभारंभ एक दिन पूर्व भव्य कलश यात्रा के साथ होगा। 22 से 31 दिसंबर तक प्रतिदिन दोपहर 12:15 से शाम 5:15 बजे तक पांच अलग-अलग कथाओं का वाचन विद्वान पंडितों द्वारा किया जाएगा।
कथा कार्यक्रम के तहत 22 व 23 दिसंबर को पं. श्रीगोपाल नारायण व्यास द्वारा श्रीमद् देवी भागवत कथा, 24 व 25 दिसंबर को पं. आशाराम व्यास द्वारा शिव महापुराण कथा, 26 व 27 दिसंबर को पं. संजय व्यास द्वारा श्रीराम कथा, 28 व 29 दिसंबर को पं. लक्ष्मीकांत व्यास (कलकत्ता वाले) द्वारा श्री बाबा रामदेव चरित कथा तथा 30 व 31 दिसंबर को पं. मुरली मनोहर व्यास द्वारा श्रीमद् भागवत कथा का वाचन किया जाएगा।
वृंदावन की ब्रज मंडली करेगी रासलीला
महोत्सव के दौरान 23 से 30 दिसंबर तक प्रतिदिन शाम 7 से रात 10 बजे तक वृंदावन की ब्रज मंडली द्वारा भव्य रासलीला का मंचन किया जाएगा। इसमें कलाकार अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को भक्तिरस से सराबोर करेंगे।
कलश यात्रा से होगा महोत्सव का आगाज
चूरा ने बताया कि कलश यात्रा दम्माणी चौक स्थित बड़ा गोपाल मंदिर से रवाना होकर मूंदड़ा चौक, हर्षों का चौक, रत्ताणी व्यासों का चौक, सदाफते, बारह गुवाड़ और नत्थूसर गेट होते हुए ओझा सत्संग भवन पहुंचेगी। मार्ग में विभिन्न स्थानों पर कलश यात्रा का स्वागत किया जाएगा। इसके बाद शाम 6 बजे बीकानेर मानस परिवार द्वारा संगीतमय सुंदरकांड पाठ होगा। पूर्णाहुति पर पूनरासर हनुमान मंदिर परिवार की ओर से महाआरती की जाएगी।
साधु-संतों का मिलेगा सानिध्य, 31 दिसंबर को महाप्रसादी
कथा महोत्सव में काशी करपात्री धाम के अधिष्ठाता सर्वेश्वरानंद महाराज, सागर आश्रम बीकानेर के अधिष्ठाता श्रीधरानंद सरस्वती महाराज, श्री नवलेश्वर मठ के अधिष्ठाता शिव सत्यनाथ महाराज, राष्ट्रीय संत सरजूदास महाराज, शिवबाड़ी मंदिर के अधिष्ठाता विमर्शानंद महाराज, गायत्री पीठ सागर के अधिष्ठाता रामेश्वरानंद महाराज, मुरली मनोहर धोरा के श्यामसुंदर महाराज तथा बाल संत छैल बिहारी महाराज सहित अनेक संत-महात्माओं का सानिध्य प्राप्त होगा। कथा महोत्सव की पूर्णाहुति के अवसर पर 31 दिसंबर को महाप्रसादी का आयोजन होगा।
ये रहे मौजूद
पत्रकार वार्ता में पंडित राजेंद्र किराडू, कन्हैया लाल जोशी, जगत नारायण कल्ला, भंवर पुरोहित, दाऊलाल व्यास, बृजराज जोशी, बुलाकीदास व्यास, गोविन्दनारायण चूरा, श्यामसुंदर व्यास, महीधर नारायण पुरोहित, कमल डागा, कुनाल डागा, निर्मल कुमार दम्माणी, देवकिशन चांडक, गोरधन बिन्नाणी, पं. सुशील किराडू, पं. अशोक किराडू, राजेंद्र किराडू, राधेश्याम सोनी, विनोद सोनी, घनश्याम सोनी, नंदकिशोर चांडक, हरगोपाल पुरोहित, कमल नारायण पुरोहित, हरिनारायण चूरा, सुरेंद्र कुमार चूरा, कैलाश राठी, रामकुमार अग्रवाल, अशोक आचार्य, नरेश पुरोहित, अशोक बिस्सा, भंवर उपाध्याय, वीरेंद्र किराडू, गोविन्द व्यास, इन्द्र जोशी, महावीर सांखला, संतोष पुरोहित, राजेंद्र व्यास, श्रीकांत व्यास, राजकुमार व्यास एवं बालकिशन व्यास सहित अनेक गणमान्यजन मौजूद रहे।




























