बीकानेर। अपनी जन्मभूमि से दूर रहकर भी अपनी माटी, समाज और जरूरतमंद लोगों के प्रति संवेदनशीलता बनाए रखना ही किसी व्यक्ति की वास्तविक पहचान है। इसी भावना का प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत करते हुए कनाडा के टोरंटो में निवास कर रहे बीकानेर प्रवासी एवं बीकानेर गौरव अवार्ड से सम्मानित हरदेश मरवाहा ने एक सराहनीय सामाजिक पहल की घोषणा की है।
मरवाहा ने अपनी पूजनीय माताजी पुष्पा देवी की स्मृति को चिरस्थायी बनाने के उद्देश्य से बीकानेर की जरूरतमंद एवं प्रतिभाशाली बेटियों की शिक्षा के लिए प्रतिवर्ष छात्रवृत्ति प्रदान करने का संकल्प लिया है। इस पहल के अंतर्गत प्रत्येक वर्ष बीकानेर की 5 जरूरतमंद बेटियों को 25-25 हजार रुपये की छात्रवृत्ति दी जाएगी। इस प्रकार प्रतिवर्ष कुल 1 लाख 25 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।
इस पहल का उद्देश्य आर्थिक कठिनाइयों के कारण किसी भी बेटी की शिक्षा बाधित न हो तथा उन्हें उच्च शिक्षा प्राप्त करने और अपने सपनों को साकार करने का अवसर मिल सके। विशेष रूप से उन परिवारों की बेटियों को इस सहयोग से संबल मिलेगा, जो प्रतिभाशाली होने के बावजूद आर्थिक संसाधनों की कमी के कारण अपनी पढ़ाई जारी रखने में कठिनाई महसूस करती हैं।
हरदेश मरवाहा पूर्व में निर्विकल्प फाउंडेशन द्वारा आयोजित बीकानेर गौरव अवार्ड से सम्मानित हो चुके हैं। अपनी जन्मभूमि के प्रति उनका यह भावनात्मक जुड़ाव और माताजी की स्मृति में शिक्षा के क्षेत्र में किया गया यह सेवा संकल्प बीकानेर के प्रवासी समाज के लिए भी प्रेरणादायक उदाहरण है।
आज जब विदेशों में रह रहे अनेक बीकानेरी अपनी मेहनत और प्रतिभा से वैश्विक स्तर पर पहचान बना रहे हैं, ऐसे में अपनी मातृभूमि के जरूरतमंद परिवारों के लिए आगे आना सामाजिक उत्तरदायित्व की सुंदर मिसाल है।
माताजी पुष्पा देवी की स्मृति में शिक्षा की ज्योत जलाने की यह पहल केवल आर्थिक सहयोग नहीं, बल्कि पांच बेटियों के सपनों, आत्मविश्वास और उज्ज्वल भविष्य को संबल देने का प्रयास है।
हरदेश मरवाहा का यह संकल्प निर्विकल्प फाउंडेशन की प्रेरणा से लिया है और फाउंडेशन के द्वारा ही इसे संचालित किया जायेगा। हरदेश मरवाहा का यह संकलप निश्चित रूप से बीकानेर के लिए गर्व का विषय है और समाज के अन्य सक्षम प्रवासियों को भी अपनी जन्मभूमि के विकास एवं बेटियों की शिक्षा के लिए योगदान देने की प्रेरणा देगा।



























