बीकानेर। बीकानेर जिला उद्योग संघ अध्यक्ष द्वारकाप्रसाद पचीसिया एवं सचिव वीरेंद्र किराडू ने बताया कि वर्तमान में युद्ध के हालातों को देखते हुए देश को आर्थिक रूप से सुदृढ़ बनाने में विशेष सहयोगी एमएसएमई इकाइयों पर आए संकट को दूर करने हेतु भारत सरकार द्वारा निजी एवं राष्ट्रीयकृत बैंकों में आपातकालीन क्रेडिट लाइन गारंटी योजना 5.0 नई स्कीम की शुरूआत की गई है | इस स्कीम के तहत कारोबारी द्वारा पिछले वित्त वर्ष में उपयोग की गई अधिकतम नकद साख सीमा (CC LIMIT) का 20% तक का ऋण दिया जा रहा है जिसे कारोबारी को 5 वर्षों में चुकता करना होगा | इस ऋण का मुख्य लाभ यह है कि इसमें कारोबारी को प्रथम वर्ष केवल ब्याज का भुगतान करना होगा बाकी बचे 4 वर्षों में किश्तों में ऋण राशि का भुगतान करना होगा | भारत सरकार का इस स्कीम का मुख्य उद्देश्य एमएसएमई उद्योगों को वर्तमान बाजार की परिस्थितियों से उबारना तथा देश के कारोबार को सुदृढ़ बनाना है |



























