बीकानेर। समाज को नशामुक्त बनाने और युवाओं को नशे की गिरफ्त से बाहर निकालने के उद्देश्य से ‘मिशन रोशनी’ नशा मुक्ति जागरूकता अभियान के तहत 7 मई 2026, गुरुवार को वरदान हॉस्पिटल में विशाल निःशुल्क नशा मुक्ति परामर्श एवं काउंसलिंग शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक चलेगा।
शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों और मनोवैज्ञानिकों द्वारा विभिन्न प्रकार के नशों से छुटकारा पाने के लिए निःशुल्क चिकित्सीय परामर्श और काउंसलिंग दी जाएगी। इसमें बीड़ी, सिगरेट, तंबाकू, डोडा पोस्त और अफीम जैसे पारंपरिक नशों के साथ-साथ स्मैक, चिट्टा, हीरोइन और नशे की गोलियों जैसे सिंथेटिक व घातक नशों से मुक्ति के उपाय बताए जाएंगे। इसके अलावा गांजा, जॉइंट तथा इंटरनेट पोर्न जैसी बढ़ती लतों पर भी विशेषज्ञ मार्गदर्शन देंगे।
अभियान से जुड़े चिकित्सकों का कहना है कि नशा केवल व्यक्ति ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है। ऐसे में समय रहते सही परामर्श और उपचार बेहद जरूरी है। शिविर में आने वाले लोगों की गोपनीयता का विशेष ध्यान रखा जाएगा ताकि अधिक से अधिक लोग बिना संकोच अपनी समस्या साझा कर सकें।
मनोचिकित्सक डॉ. सिद्धार्थ असवाल ने आमजन से अपील की है कि जो लोग किसी भी प्रकार के नशे की समस्या से जूझ रहे हैं या अपने परिजनों को इससे बाहर निकालना चाहते हैं, वे इस शिविर का लाभ अवश्य उठाएं।




























