बीकानेर। पहली बार बीकाणा न्यूमिसमेटिक सोसायटी की ओर से तीन दिवसीय भव्य मुद्रा महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। गंगाशहर रोड स्थित जैन पब्लिक स्कूल के सामने अग्रवाल भवन में होने वाले इस महोत्सव में देश के विभिन्न शहरों के साथ विदेशों से भी 100 से अधिक मुद्रा संग्रहकर्ता एवं विशेषज्ञ शामिल होंगे। आयोजन में करीब 25 हजार लोगों के पहुंचने की संभावना है।
महोत्सव में मुंबई, कोलकाता, चेन्नई, बेंगलुरु, लुधियाना, कानपुर, नोएडा और नासिक सहित देश के विभिन्न शहरों से विशेषज्ञ हिस्सा लेंगे। इस दौरान प्राचीन एवं आधुनिक सिक्कों, विभिन्न देशों की करेंसी, दुर्लभ नोटों, डाक टिकटों, माचिस संग्रह, पुरानी घड़ियों सहित अनेक ऐतिहासिक एवं संग्रहणीय वस्तुओं की प्रदर्शनी लगाई जाएगी।
आमजन को मिलेगी पुराने सिक्कों की सही जानकारी
आयोजक एवं बीकाणा न्यूमिसमेटिक सोसायटी के अध्यक्ष किशन लाल सोनी ने बताया कि सिक्के इतिहास का आईना होते हैं। सामान्य दिखाई देने वाले सिक्कों में भी कई ऐसी ऐतिहासिक धरोहरें छिपी होती हैं, जिनका महत्व असाधारण है। महोत्सव का उद्देश्य आमजन को इस विरासत से परिचित करवाना और इसके संरक्षण के प्रति जागरूक करना है। यहां लोग विशेषज्ञों से निःशुल्क परामर्श लेकर अपने पास मौजूद पुराने सिक्कों एवं करेंसी नोटों के ऐतिहासिक और संग्रहणीय महत्व की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।
उन्होंने कहा कि पुराने सिक्कों और नोटों की खरीद-बिक्री के नाम पर ऑनलाइन धोखाधड़ी के मामले बढ़ रहे हैं। ऐसे में यह महोत्सव लोगों को सीधे अनुभवी विशेषज्ञों से जुड़ने और सही जानकारी प्राप्त करने का विश्वसनीय मंच उपलब्ध करवाएगा।
विद्यार्थियों और इतिहास प्रेमियों के लिए विशेष आकर्षण
सोसायटी के उपाध्यक्ष जसवंत सिंघ पारख ने बताया कि प्रदर्शनी में प्राचीन और आधुनिक मुद्राओं के साथ विभिन्न देशों की करेंसी, दुर्लभ डाक टिकट, माचिस संग्रह और ऐतिहासिक महत्व की पुरानी घड़ियां भी प्रदर्शित की जाएंगी। यह आयोजन विद्यार्थियों, शोधकर्ताओं, इतिहास प्रेमियों और संग्रहकर्ताओं के लिए विशेष आकर्षण रहेगा।
छह महीने से चल रही तैयारियां, 50 से अधिक स्कूलों से संपर्क
सोसायटी के सचिव सुधीर लुणावत ने बताया कि आयोजन की तैयारियां पिछले छह महीनों से चल रही हैं। अतिथियों और आगंतुकों की सुविधाओं के लिए 20 सदस्यों की अलग-अलग टीमें बनाई गई हैं। महोत्सव में बीकानेर सहित राजस्थान के विभिन्न जिलों से लगभग 25 हजार लोगों के शामिल होने की संभावना है।
आयोजन के लिए जिला कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, संभागीय आयुक्त, नगर निगम आयुक्त, महापौर, विधायक एवं अन्य जनप्रतिनिधियों सहित 500 से अधिक गणमान्य नागरिकों, व्यवसायियों, कलाकारों, शिक्षकों, बैंकरों और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों को आमंत्रित किया गया है। वहीं विद्यार्थियों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए 50 से अधिक स्कूलों से संपर्क किया गया है।
बीकानेर को मिलेगी नई पहचान
सोसायटी के कोषाध्यक्ष कन्हैया लाल सोनी ने कहा कि यह महोत्सव बीकानेर के लिए ऐतिहासिक आयोजन साबित होगा। देशभर के प्रतिष्ठित मुद्रा संग्रहकर्ताओं और विशेषज्ञों का एक मंच पर जुटना स्थानीय संग्रहकर्ताओं के लिए सीखने और अपने ज्ञान को बढ़ाने का बेहतर अवसर होगा। साथ ही नई पीढ़ी को भारतीय एवं विश्व इतिहास, मुद्राओं और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण से जोड़ने में भी यह आयोजन महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
तीन दिवसीय यह मुद्रा महोत्सव बीकानेर के इतिहास, संस्कृति और संग्रहण की दुनिया में एक नई पहचान स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होने की उम्मीद है।
देखें वीडियो



























