बीकानेर। ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को कॅरिअर के सही विकल्पों की जानकारी उपलब्ध करवाने एवं उनके भविष्य को नई दिशा देने के उद्देश्य से बीकाजी के सहयोग से निर्विकल्प फाउंडेशन द्वारा संचालित कॅरिअर काउंसलिंग वैन मोमासर एवं आड़सर की राजकीय विद्यालयों में पहुँची। दोनों विद्यालयों में आयोजित कार्यक्रमों में विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा, विभिन्न कॅरिअर विकल्पों, प्रतियोगी परीक्षाओं, कौशल विकास एवं रोजगार की संभावनाओं के संबंध में मार्गदर्शन दिया गया।
मोमासर में विद्यार्थियों को मिला कॅरिअर मार्गदर्शन
मोमासर स्थित ईचरज देवी पटावरी राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में नेशनल कॅरिअर काउंसलर डॉ. चंद्रशेखर श्रीमाली ने विद्यार्थियों को विशेष रूप से संबोधित किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के लिए सही समय पर कॅरिअर संबंधी जानकारी प्राप्त करना बेहद महत्वपूर्ण है। विद्यार्थियों को अपनी रुचि, क्षमता, योग्यता और कौशल को पहचानते हुए भविष्य के विकल्पों पर विचार करना चाहिए।
डॉ. श्रीमाली ने विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्ध कॅरिअर अवसरों एवं उच्च शिक्षा के विकल्पों की जानकारी देते हुए विद्यार्थियों से अपने लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर मेहनत करने का आह्वान किया।
विद्यालय के प्राचार्य राजेंद्र प्रसाद ने कॅरिअर काउंसलिंग वैन प्रोजेक्ट को विद्यार्थियों के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि विद्यालय स्तर पर इस प्रकार का विशेषज्ञ मार्गदर्शन विद्यार्थियों को अपने भविष्य के प्रति जागरूक करने में उपयोगी है।
कार्यक्रम में उप प्राचार्य सहदेव सिंह किशनावत, व्याख्याता श्रीमती सुमन जोशी, वरिष्ठ अध्यापक महेंद्र सिंह एवं अध्यापक जगदीश प्रसाद उपस्थित रहे।
आड़सर में भी विद्यार्थियों में रहा उत्साह
आड़सर स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में भी कॅरिअर काउंसलिंग वैन के माध्यम से विद्यार्थियों को कॅरिअर संबंधी मार्गदर्शन प्रदान किया गया। यहाँ भी डॉ. चंद्रशेखर श्रीमाली ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए विभिन्न कॅरिअर क्षेत्रों, शिक्षा एवं भविष्य की संभावनाओं के बारे में जानकारी दी।
विद्यालय के प्राचार्य किशोर सिंह ने कॅरिअर वैन टीम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यार्थियों को विद्यालय में ही विशेषज्ञों से कॅरिअर संबंधी मार्गदर्शन मिलने से उन्हें भविष्य के विकल्पों को समझने में सहायता मिलेगी।
कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय की व्याख्याता प्रियंका गोदारा एवं सीमा कंवर, प्रदीप कुमार, वरिष्ठ अध्यापक गोवर्धन, सिमरन बाई, अदिति शर्मा, हरलाल, बिंदु एवं मनोज मीणा ने सहयोग किया। इस अवसर पर सीबीईओ कार्यालय के आरपी पवन कुमार प्रजापत ने भी कॅरिअर वैन प्रोजेक्ट की सराहना की।
दोनों विद्यालयों में टीम का अभिनंदन
मोमासर एवं आड़सर दोनों विद्यालयों में कॅरिअर काउंसलिंग वैन प्रोजेक्ट टीम के लोचन पारीक, मनन श्रीमाली एवं केशव आचार्य का विशेष अभिनंदन किया गया। टीम द्वारा विद्यार्थियों को कॅरिअर संबंधी उपयोगी जानकारी उपलब्ध करवाने के साथ उन्हें भविष्य की योजना बनाने के लिए प्रेरित किया गया।




























