बीकानेर। पारीक चौक स्थित सेटेलाइट अस्पताल के पास लंबे समय से अवरुद्ध पड़े नाले की समस्या से अब लोगों को राहत मिलने की उम्मीद जगी है। वर्षों से सफाई के अभाव में नाले में जमा गंदगी और मलबे के कारण आसपास के लोगों के साथ अस्पताल आने वाले मरीजों, स्कूली बच्चों और आमजन को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। नाले के अवरुद्ध होने से बारिश के दौरान जलभराव और गंदे पानी की समस्या भी बनी रहती थी।
समस्या को गंभीरता से लेते हुए महापौर अनिल कल्ला ने एक दिन पहले मौके का दौरा कर हालात का जायजा लिया था। निरीक्षण के अगले ही दिन नगर निगम की ओर से यहां युद्धस्तर पर सफाई अभियान शुरू कर दिया गया। अभियान के तहत मौके पर चार जेसीबी मशीन और आठ डंपर लगाए गए हैं। जेसीबी की मदद से नाले में लंबे समय से जमा मलबे और गंदगी को बाहर निकाला जा रहा है, वहीं डंपरों के माध्यम से मलबे को मौके से हटाया जा रहा है।
आठ कर्मचारियों की टीम जुटी सफाई में
सफाई अभियान की निगरानी के लिए स्वच्छता निरीक्षक किशन व्यास सहित निगम के करीब आठ कर्मचारी मौके पर मौजूद रहे। कर्मचारियों ने मशीनों के साथ मिलकर नाले की सफाई का काम शुरू कराया। लंबे समय से जमा गंदगी और मलबे को हटाने के साथ नाले के बहाव को सुचारु करने पर भी जोर दिया जा रहा है।
मरीजों और स्कूली बच्चों को थी परेशानी
स्थानीय लोगों के अनुसार सेटेलाइट अस्पताल के पास स्थित यह नाला लंबे समय से परेशानी का कारण बना हुआ था। अस्पताल में उपचार के लिए आने वाले मरीजों और उनके परिजनों को गंदगी तथा दुर्गंध के बीच से गुजरना पड़ता था। वहीं आसपास से गुजरने वाले स्कूली बच्चों और राहगीरों को भी परेशानी होती थी। नाले के अवरुद्ध होने के कारण बारिश के समय स्थिति और गंभीर हो जाती थी।
सफाई अभियान शुरू होने के बाद स्थानीय लोगों में भी राहत और उम्मीद का माहौल नजर आया। लोगों का कहना है कि यदि नाले की नियमित सफाई होती रहे तो भविष्य में समस्या दोबारा गंभीर रूप नहीं लेगी।
कांग्रेस नेता और जनप्रतिनिधि भी पहुंचे
सफाई अभियान के दौरान कांग्रेस नेता उपेंद्र शर्मा, पार्षद प्रतिनिधि अनादि पारीक और कांग्रेस प्रत्याशी खुशबू जोशी सहित अन्य लोग भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने मौके पर चल रहे सफाई कार्य का जायजा लिया और अधिकारियों एवं कर्मचारियों से व्यवस्था की जानकारी ली।
‘पार्टी से ऊपर उठकर होगा शहर का विकास’
महापौर अनिल कल्ला ने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य शहर की समस्याओं का समाधान करना और बीकानेर को स्वच्छ एवं बेहतर शहर बनाना है। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में किसी तरह का भेदभाव नहीं किया जाएगा और पार्टी से ऊपर उठकर शहर के विकास को प्राथमिकता दी जाएगी।
उन्होंने शहरवासियों से भी अपील की कि वे अपने क्षेत्र की समस्याओं से निगम को अवगत कराएं। उपलब्ध संसाधनों के आधार पर समस्याओं के समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा। महापौर ने कहा कि सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के साथ-साथ शहर की मूलभूत समस्याओं के समाधान पर भी लगातार काम किया जाएगा।
वर्षों पुरानी समस्या के समाधान की उम्मीद
पारीक चौक के इस नाले की सफाई शुरू होने से स्थानीय लोगों को वर्षों पुरानी समस्या के स्थायी समाधान की उम्मीद जगी है। अब लोगों की नजर इस बात पर है कि सफाई के बाद नाले का बहाव कितना सुचारु होता है और निगम की ओर से इसकी नियमित निगरानी एवं सफाई की व्यवस्था किस तरह कायम रखी जाती है।




























